स्थानीय नीति के विरोध में 14 मई को आहूत बंद से निपटने के लिए प्रशासन ने बनायी रणनीति
गढ़वा : स्थानीय नीति के विरोध में 14 मई को झामुमो सहित अन्य दलों द्वारा आहूत बंद हिंसक न हो, इससे निबटने के लिए जिला प्रशासन कड़े कदम उठानेवाला है. मुख्य सचिव के निर्देश के पश्चात बुधवार को उपायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक प्रियदर्शी आलोक, एसडीपीओ एवं एसडीओ की बैठक हुई. बैठक में 13 एवं 14 मई को गढ़वा जिले में धारा 144 लागू करने का निर्णय लिया गया.
पुलिस अधीक्षक प्रियदर्शी आलोक ने बताया कि जबरन बंद कराने एवं सड़क जाम करनेवाले लोगों से कड़ाई से निबटा जायेगा. न्यायालय के निर्देश के अनुसार बंद नहीं कराया जा सकता है. उन्होंने कहा कि बंद समर्थक शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे, तो उन्हें समस्या नहीं होगी. लेकिन जिला प्रशासन जबरदस्ती बंद करवाने या तोड़फोड़ की घटना सामने आने पर कार्रवाई करेगी.
उन्होंने कहा कि इसके लिए लोगों के बीच जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जायेगा. गढ़वा जिला मुख्यालय में 13 एवं 14 मई को फ्लैग मार्च भी किया जायेगा. बंदी के दिन सभी चौक-चौराहों एवं मुख्य स्थानों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किये जायेंगे.
