खरौंधी प्रखंड के कई विद्यालय भवन अधूरे पड़े हैं
खरौंधी(गढ़वा) : सरकार एक तरफ जहां बच्चों की शिक्षा के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर पदाधिकारियों एवं शिक्षकोें की लापरवाही के कारण खरौंधी प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में विद्यालयों की स्थिति चिंताजनक हो गयी है. समाचार के अनुसार खरौंधी प्रखंड के सिसरी, अरंगी, कूपा पंचायत में स्थित विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से लचर है.
इन विद्यालयों में चौथी कक्षा तक की छात्र-छात्राओं को यह भी पता नहीं है कि वे किस कक्षा में पढ़ते हैं. वहीं उमवि बैतरी, दामर, अरंगी, नवप्रावि किशुन अहरा, उप्रावि नवाडीह, बैतरा एवं उमि व कूपा में मध्याह्न भोजन एवं अतिरिक्त पोषाहार दो माह से बंद था. बीडीओ मनोज राम की पहल पर चालू किया गया. जबकि रामवि अरंगी को छोड़ सभी विद्यालयों में राशि उपलब्ध है.
अतिरिक्त पोषाहार की राशि भी सभी विद्यालयों में है. उपरोक्त विद्यालयों में बच्चों की संख्या मुश्किल से 40 प्रतिशत ही रहता है. उमवि सिसरी में किचन शेड अधूरा है, वहीं उप्रावि बैतरा में टू एसीआर भवन एवं शौचालय का निर्माण नहीं हुआ है. जबकि इस मद में राशि की निकासी हो चुकी है. इसके अलावा उमवि दामर में किचन शेड थ्री एसीआर भवन एवं एचएम भवन का निर्माण अधूरा है. जबकि इस मद की राशि की भी निकासी हो चुकी है.
जांच के बाद की जायेगी कार्रवाई
इस संबंध में पूछे जाने पर बीइइओ कौशल किशोर चौबे ने कहा कि सभी विद्यालयों में राशि उपलब्ध है. कई विद्यालयों के सचिवों पर कार्रवाई की गयी है. जांचोपरांत दोषियों पर कार्रवाई की जायेगी.
