कांडी (गढ़वा) : कांडी थाना के लमारी कला गांव में मानिकचंद प्रजापति के घर में बुधवार को आग लग जाने से करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति जल गयी. जलनेवाले सामान में अनाज, बरतन, कपड़ा, पशु चारा एवं आठ हजार रुपये नगद शामिल है. समाचार के अनुसार मानिकचंद के घर में जिस समय आग लगी, उस समय घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था.
घर के लोग महुआ चुनने के लिए गये हुए थे. आग लगने की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीणों एवं राहगीरों ने मिल कर आग को बुझाया. साथ ही उन्होंने पशुओं को वहां से हटाकर उसकी जान बचायी. आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. घटना की सूचना मिलने के बाद पंचायत की मुखिया गीता देवी एवं बीडीसी कमला देवी ने मानिकचंद के घर पहुंच कर उसे हरसंभव सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया.
