गढ़वा : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गढ़वा प्रखंड के तेनार बगही टोला विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना तत्काल शुरू करने के निर्देश दिये हैं. साथ ही दो दिन के अंदर वहां के अध्यक्ष को बकाया राशि का भुगतान करने का निर्देश भी जिला शिक्षा अधीक्षक को दिये गये हैं.
मंगलवार को मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम के तहत सीधी बात में उक्त विद्यालय के ग्राम शिक्षा समिति के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्या रखी थी. उनका आरोप था कि एक महीने से वहां मध्याह्न भोजन योजना बंद पड़ी हुई है.
साथ ही मध्याह्न भोजन में उन्होंने जो राशि खर्च की है, उसका भी भुगतान उन्हें नहीं मिला है. वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री दास ने गढ़वा डीसी को निर्देश दिया है कि जितने भी मामले लंबित हैं, उन्हें निष्पादित करें. उन्होंने पदाधिकारियों को नियमित क्षेत्रों का दौरा करने व ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने को कहा है. मुख्यमंत्री जनसंवाद में गढ़वा जिले के कुल 2145 मामलों में से 1243 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है.
अभी भी 902 मामले लंबित हैं. मुख्यमंत्री श्री दास ने इसे निष्पादित करने को कहा है. वीडियो कांफ्रेंसिग में उपायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा, पुलिस अधीक्षक प्रियदर्शी आलोक, उप विकास आयुक्त जगत नारायण प्रसाद, अपर समाहर्ता जुल्फीकार अली, जिला योजना पदाधिकारी अरुण कुमार आदि उपस्थित थे.
