गढ़वा जिला स्थापना के रजत जयंती के मौके पर मुख्य समारोह रामासाहू आर्यवैदिक उवि के सभागार में हुआ. इसमें विभिन्न विभाग की ओर से लाभुकों के बीच परिसंपतियों का वितरण किया गया.
गढ़वा : गढ़वा जिला स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती समारोह के तहत शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये. मुख्य कार्यक्रम रामासाहू आर्यवैदिक उवि के सभागार में हुआ. इसमें विभिन्न विभागों द्वारा लाभुकों के बीच परिसंपतियों का वितरण किया गया.
इसका उदघाटन विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी, उपायुक्त डॉ नेहा आरोड़ा, जिप चेयरमैन विकास कुमार, उपाध्यक्ष रेखा चौबे एवं गढ़वा नगर परिषद् अध्यक्ष पिंकी केसरी ने किया. मौके पर विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए छोटे जिलों का निर्माण किया जाता है.
इसके पीछे उद्देश्य यह होता है कि जिले के एक-एक व्यक्ति तक विकास पहुंच सके. गढ़वा जिला स्थापना के 25 वर्षों में यहां विकास के कई कार्य हुए हैं, लेकिन अभी भी काफी कार्य किया जाना शेष है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में विकास के कार्य किये हो रहे हैं.
उन्होंने कहा कि जो भी सरकारी योजनाएं लायी जा रही हैं, वे धरातल पर उतरे, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने की आवश्यकता है. उन्होंने भ्रष्टाचार के मामले में विशेष निगरानी रखने एवं विकास कार्यों का नियमित अनुश्रवण करने की सलाह प्रशासनिक पदाधिकारियों को दी.
इस मौके पर उपायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा ने कहा कि यह गढ़वा जिले के लिए गर्व की बात है कि यह जिला आज रजत जयंती मना रहा है. जब भी कोई नया जिला बनता है तो लोगों में यह आशा बनती है कि जिले का विकास होगा और उनका जीवनस्तर सुधरेगा.
उपायुक्त ने कहा कि गढ़वा में गरमी का स्तर एवं पेयजल संकट दोनों की स्थिति गंभीर है. रजत जयंती पर हमें यह संकल्प लेने की जरूरत है कि हम प्रकृति के साथ छेड़छाड़ नहीं करेंगे और वनों को बचाने में अपना योगदान देंगे.
सहिया बेहतर कार्य के लिए सम्मानित
सिविल सर्जन कार्यालय की ओर से 10 सहियाओं को बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया गया.इनमें नीलम देवी, माया देवी, गीता पासवान, मानमति देवी, विनिता देवी, अनिता देवी, आशा देवी, सूचित कुजूर, मिंता देवी, राजलक्ष्मी देवी के नाम शामिल हैं. राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करनेवाली 12 महिलाओं के बीच प्रमाण पत्र का वितरण किया गया. शिक्षा विभाग की ओर से नवनियुक्त 20 शिक्षकों को एक सप्ताह के लिए मिले प्रशिक्षण का प्रमाणपत्र तथा कृषि विभाग की ओर से 40 किसानों के बीच मिट्टी जांच का प्रमाणपत्र वितरित किया गया.
जिन विभागों ने परिसंपतियों का किया वितरण
रजत जयंती समारोह के मौके पर समाज कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के 11 लाभुकों को 30-30 हजार रुपये का चेक दिया गया. साथ ही चार दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, चार को छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री लक्ष्मी लाडली योजना के 11 लाभुकों को छह-छह हजार रूपये का एनएससी, कल्याण विभाग की ओर से 10 लोगों को चिकित्सा अनुदान की राशि, मत्स्य विभाग की ओर से 10 लाभुकों के बीच तालाब निर्माण के लिए 50-50 हजार रुपये का अनुदान,भंडरिया, नगरउंटारी एवं मेराल में बज्रपात व अग्निकांड से प्रभावित छह लोगों को मुआवजा राशि का वितरण किया गया.
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारी
मुख्य कार्यक्रम का संचालन जिला योजना पदाधिकारी अरुण कुमार द्विवेदी एवं धन्यवाद ज्ञापन अपर समाहर्ता जुल्फीकार अली ने दिया. इस मौके पर उपरोक्त के अलावा उपविकास आयुक्त जगतनारायण प्रसाद, एसडीओ असीम किस्पोट्टा, प्रशिक्षु आईएएस सुशांत गौरव, डीसी एलआर जीतेंद्र मुंडा, डीईओ रामयतन राम, डीएसइ बृजमोहन कुमार, सिविल सर्जन विंदेश्वरी रजक, कार्यपालक दंडाधिकारी मधुश्री मिश्रा, वीरेंद्र किंडो, ललित नारायण किशोर, मत्स्य पदाधिकारी मो मोजाहिद, कृषि पदाधिकारी रविश चंद्रा, समाज कल्याण पदाधिकारी डीएन सिंह आदि उपस्थित थे.
