गढ़वा : पुलिस ने धाेखाधड़ी की शिकायत पर शहर के मेन रोड स्थित ननबैंकिंग कंपनी इंडस हाउस का कार्यालय काे साेमवार काे सील कर दिया. बैंक के दो कर्मचारियों अभिकर्ता प्रमुख राजदेव पाल और कंप्यूटर ऑपरेटर संतोष ठाकुर को हिरासत में लिया है.
रांकी मुहल्ला निवासी सोनू कुमार व अन्य लाेगाें ने बैंक द्वारा ग्राहकों से धोखाधड़ी करने की शिकायत पुलिस से की थी. थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस ने दो कर्मियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. मामले की छानबीन की जा रही है.
बैंक का संचालक सामने नहीं आया : गढ़वा में ननबैंकिंग कंपनी इंडस हाउस वर्ष 2011 से कार्यरत है. पलामू व लातेहार में इसकी दो शाखाएं भी हैं. बैंक का संचालक अरविंद प्रजापति पलामू के हुसैनाबाद का रहनेवाला है. वह मौके पर मौजूद नहीं था. कर्मचारियों को हिरासत में लिये जाने के बाद संचालक से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उसका मोबाइल नहीं लगा.
तीन साल में दाेगुनी राशि का दावा किया था : शिकायतकर्ता सोनू कुमार ने बताया कि उसने तीन वर्ष पूर्व अभिकर्ता प्रमोद कुमार के माध्यम से बैंक में 50 हजार रुपये जमा कराये थे. कहा गया था कि तीन साल में राशि दुगुनी हो जायेगी. जनवरी 2016 में जब वह पैसा लेने बैंक गया, तो उसे फरवरी में बुलाया गया. फरवरी में कहा गया कि मार्च में आपकी राशि मिलेगी.
इस बात काे लेकर साेनू कुमार ने हंगामा किया और पुलिस को सूचना दी. गढ़वा थाना के एसआइ विनोद कुमार सिंह बैंक पहुंचे. वहां कार्यरत दो कर्मचारियों से बैंक के कागजात मांगे. पर वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाये, न ही बैंक के संचालक से बात करवा सके. इसके बाद पुलिस ने बैंक को सील कर दिया. दोनों कर्मी को थाने ले आयी.
