केतार(गढ़वा) : कांग्रेस के युवा नेता उमाशंकर चौबे के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने सोमवार को केतार प्रखंड के मुकुंदपुर एवं परसोडीह पंचायत का दौरा किया. इस दौरान श्री चौबे ने पुणे में मजदूरी करने गये सत्येंद्र साह की मौत की खबर सुन कर उसके परिजनों से मिले और उन्हें शोक सांत्वना दी.
श्री चौबे ने कहा कि भवनाथपुर विस क्षेत्र से नवजवानों का बड़े पैमाने पर पलायन हो रहा है. बेरोजगारी, अशिक्षा एवं सूखे की स्थिति के कारण मजदूर बाहर जाते हैं. पिछले दो वर्षों में बाहर मजदूरी करने गये इसी गांव के प्रहलाद प्रजापति, प्रभु प्रजापति, निर्मल पासवान व छठू रजवार की मौत हो चुकी है. उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए घोषणाएं कर रही है, जबकि अभी तक रोजगार के लिए कोई भी कदम नहीं उठाया गया है.
श्री चौबे ने गांव के सभी मृतक के बच्चों को शिक्षा में अपनी ओर से हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया. इस मौके पर लव वर्मा, ऋषु सिंह, संतोष सेठ, मोतीलाल, विपिन बिहारी, सूरज वर्मा आदि उपस्थित थे.
