गढ़वा : गढ़वा जिले के दो दर्जन से ज्यादा जविप्र के डीलरों पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है. 25 जविप्र के डीलरों से स्पष्टीकरण मांगा गया है. उन पर 15 फरवरी को चावल दिवस के मौके पर दुकान बंद रखने का आरोप है. उपायुक्त के निर्देश पर सोमवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्थित जविप्र के दुकानों की जांच करायी गयी थी. बड़े पैमाने पर दुकान बंद पाये जाने को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त के निर्देश पर दुकानदारों से स्पष्टीकरण मांगा गया है.
बताया गया कि स्पष्टीकरण आने के बाद इनके निलंबन की कार्रवाई होगी. उल्लेखनीय है कि प्रत्येक माह के 15 व 25 तारीख को चावल दिवस घोषित किया गया है. इस तिथि को अनिवार्य रूप से जविप्र की दुकानें खोलने व लाभुकों को खाद्यान्न देने के निर्देश दिये गये हैं. लेकिन इस निर्देश की अवहेलना करते हुए कई दुकानें जांच में बंद पायी गयीं. साथ ही जांच के दौरान दिसंबर माह का खाद्यान्न फरवरी में बांटे जाने को भी गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त के निर्देश पर राज्य खाद्य निगम के पलामू जिला प्रबंधक से भी कारणपृच्छा की गयी है. दिसंबर माह का खाद्यान्न वितरिण किये जाने के कारणों के पीछे डीलरों ने अधिकारियों को बताया था कि उन्हें देर से खाद्यान्न प्राप्त हुआ है. साथ ही जनवरी माह का खाद्यान्न अभी तक उपलब्ध नहीं किया गया है. इस पर जिला प्रबंधक से कारणपृच्छा की गयी है.
