गढ़वा : उप विकास आयुक्त जगत नारायण प्रसाद ने सोमवार को मेराल प्रखंड में चल रही सरकारी योजनाओं का निरीक्षण किया. उनके निरीक्षण में मेराल पूर्वी व पश्चिमी के दो आंगनबाड़ी केंद्र बंद पाये गये.
इसी तरह नवनिर्मित शौचालय का उपयोग नहीं हो रहा था. बल्कि एक शौचालय में पुआल रखा हुआ पाया गया. श्री प्रसाद ने इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई करने की चेतावनी दी. इसके अलावा उन्होंने मेराल के विभिन्न टोलों में शौचालय निर्माण कार्य, चापाकल मरम्मत कार्य व जविप्र के दुकानों का निरीक्षण किया.
जविप्र के डीलर द्वारा दिसंबर माह का राशन अभी बांटने पर नाराजगी जतायी तथा डीलर को फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि वे मेराल के वरीय प्रभारी हैं. इसलिए प्रत्येक सप्ताह मेराल के अलग-अलग गांवों में चल रहे योजनाओं का निरीक्षण किया जायेगा. इसमें अनियमितता बरते जानेवाले पक्षों पर कार्रवाई होगी.
