गढ़वा : उपायुक्त के गोपनीय कार्यालय से तीन सरकारी जीप गायब हाे गयी है. वर्तमान डीसी के निर्देश पर बुधवार काे भंडरिया, धुरकी व भवनाथपुर थानाें में संबंधित प्रखंड के बीडीआे ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.
डीसी ने दिया था निर्देश : भंडरिया, धुरकी व भवनाथपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी के उपयोग के लिए तीन सरकारी जीप (नंबर बीआरओ3183, 010बीआरओ910 व 010बीआरओ1028) उपलब्ध करायी गयी थी. खराब होने के बाद तीनाें वाहनाें काे उपायुक्त आवास में जमा कर दिये गये थे. कुछ वर्ष पूर्व जब नीलामी के लिए इन वाहनों को खोजा गया, तो ये नहीं मिले.
इन वाहनाें के उपायुक्त के गोपनीय कार्यालय में होने का भी कोई पुख्ता कागजात नहीं था. वाहनाें के गायब हाेने के मामले में जिले के पूर्व उपायुक्त ए मुत्थु कुमार द्वारा गोपनीय कार्यालय में कार्यरत कर्मियों, चालकों व गार्डों सहित 34 लोगों से स्पष्टीकरण मांगा गया था. लेकिन किसी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया.
इस मामले के अहम गवाह माने जानेवाले उपायुक्त के तत्कालीन कार चालक प्रदीप कुमार का देहांत होने के बाद मामला और उलझ गया. काफी दिनों की पड़ताल के बाद जब इन वाहनाें का पता नहीं चला, ताे वर्तमान उपायुक्त नेहा अरोड़ा के निर्देश पर संबंधित बीडीओ को अपने-अपने थाने में मामला दर्ज करने के निर्देश दिये गये थे.
