गढ़वा : झारखंड राज्य दफादार चौकरीदार पंचायत शाखा गढ़वा जिला कमेटी द्वारा गढ़वा समाहरणालय के समक्ष नौ सूत्री मांगों को लेकर मंगलवार को धरना दिया गया. संघ के जिला संयोजक कामेश्वर राम की अध्यक्षता में आयोजित धरना में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय दफादारा चौकीदार कोतवार पंचायत के अध्यक्ष सह पूर्व सांसद रामअवधेश सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य संयोजक कृष्ण दयाल सिंह व पलामू जिलाध्यक्ष सुरेश राम उपस्थित थे.
इस मौके पर धरना को संबोधित करते हुये मुख्य अतिथि रामअवधेश सिंह ने कहा कि झारखंड में सुशासन लाने के लिए चौकीदार व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है. लेकिन यहां झारखंड सरकार द्वारा चौकीदार-दफादारों के साथ अन्याय किया जा रहा है. जिला कार्यालय, अंचल कार्यालय व थानों में चौकीदार-दफादारों का शोषण बदस्तूर जारी है. श्री सिंह ने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चौकीदार- दफादारों की समस्याओं का समाधान तत्काल नहीं किया गया, तो उनका संगठन राज्य सरकार का चक्का जाम कर देगा.
इस मौके पर राज्य संयोजक कृष्ण दयाल सिंह ने कहा कि चौकीदार-दफादारों का जिला व अंचल में आर्थिक शोषण तथा थानों में मानसिक प्रताड़ना बदस्तूर जारी है. इसको लेकर पूरे झारखंड में आंदोलन शुरू हो चुका है. इस मांगों को लेकर 15 मार्च से रांची से जेल भरो अभियान शुरू किया जायेगा. उन्होंने गढ़वा जिले के चौकीदार-दफादारों को उस दिन रांची चलने की अपील की. धरना में पलामू जिलाध्यक्ष सुरेश राम ने भी चौकीदार-दफादारों की समस्याओं को उठाया. इस मौके पर रामाकांत पासवान, ललन पासवान, रामराजा राम, जयराम पासवान, श्याम नंदन पासवान, रामप्रसाद राम, राजेश्वर राम, विनोद राम, जैनुल अंसारी, अनुज पासवान, नान्हु राम, संतोष राम, अविलाश अंसारी आदि उपस्थित थे.
उपायुक्त को मांगपत्र सौंपा : धरना के पश्चात दफादार-चौकीदार पंचायत की ओर से नौ सूत्री मांगपत्र उपायुक्त को सौंपा गया. इसमें झारखंड चौकीदार संवर्ग नियमावली 2015 में संशोधन करते हुए सेवानिवृत्त चौकीदार-दफादारों के नामित आश्रितों की नियुक्ति पूर्व प्रक्रिया के अनुसार करने सहित अन्य मांगें शामिल है.
