गढ़वा : स्थानीय गोविंद प्लस टू उवि के मैदान में आयोजित 16वां गढ़वा जिला अंतर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट जूनियर वर्ग के सेमी फाइनल मैच में मंगलवार को शांति निवास की टीम ने जीएन इंटरनेशनल को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया. मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए शांति निवास की टीम निर्धारित 14 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 116 रन बनाये.
इसमें शांति निवास की ओर से विक्की ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्द्धशतक पूरा किया. जबकि हरि ओम पाल ने 20 रन का योगदान दिया. जीएन इंटरनेशनल की ओर से गेंदबाजी करते हुए आशीष ने तीन व सौरव ने दो विकेट हासिल किये. जवाबी पारी खेलने उतरी जीएन इंटरनेशनल की टीम निर्धारित ओवर में छह विकेट खोकर 89 रन ही बना सकी.
इसमें अमन ने 25 व ऋतिक ने 20 रन का योगदान दिया. शांति निवास की ओर से गेंदबाजी करते हुए मनीष ने तीन व हरिओम पाल ने दो विकेट लिये. शांति निवास के विक्की को अर्द्धशतकीय पारी खेलने पर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया. जूनियर वर्ग का दूसरा सेमी फाइनल बुधवार को बीपी डीएवी व आरके पब्लिक स्कूल के बीच खेला जायेगा.
