गढ़वा : भाजपा के जिला सदस्यता प्रभारी सह पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश निरंजन सिन्हा ने ठंड व शीतलहरी को देखते हुए बुधवार को भंडरिया में 50 गरीब व असहायों के बीच कंबल का वितरण किया गया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि जिले में ठंड से लोगों की मौत हो रही है,लेकिन इनकी सुधि लेनेवाला कोई नहीं है.
यही चुनाव होता तो कितने लोग मदद के नाम पर वोट मांगने पहुंचते, लेकिन चुनाव नहीं है तो कोई इन्हें पूछनेवाला नहीं है. उन्होंने कहा कि छतीसगढ़ की सीमा से लगे आदिम जनजाति व आदिवासी बहुल यह क्षेत्र शुरू से ही राजनैतिक व प्रशासनिक दृष्टिकोण से पिछड़ा हुआ है. पूर्व के जनप्रतिनिधियों ने इस क्षेत्र को वोट बैंक और चारागाह के रूप में इस्तेमाल किया है. यहां के गरीब व सीधे-साधे अदिवासियों को झूठे सपने दिखाकर उन्हें इमोशनल ब्लैकमेल किया है.
मौके पर उपस्थित भाजपा नेता ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि अब राज्य में भाजपा की सरकार है और इसमें गरीबों की उपेक्षा बरदाश्त नहीं की जायेगी. शीघ्र ही भाजपा का एक प्रतिनिधि मंडल उपायुक्त से मिलकर जिले के तमाम प्रखंडों में गरीबों के बीच कंबल वितरण कराने को कहा जायेगा.
अगर जिला प्रशासन ने मामले में देर की तो मामले को मुख्यमंत्री रघुवर दास को अवगत कराया जायेगा. ओमप्रकाश केसरी ने कहा कि जिला प्रशासन से प्रखंड में विभिन्न योजनाओं को शुरू कर लोगोंं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने की भी मांग की जायेगी. ताकि क्षेत्र से रोजगार के लिए लोगों का पलायन न हो. साथ ही प्रखंडों में अलाव की व्यवस्था शीघ्र कराने को लेकर मांग की जायेगी. इस अवसर पर काफी संख्या में लोग उपस्थित थे.
