गढ़वा : पूर्व मंत्री चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे को पुलिस पर जानलेवा हमला करने के मामले में शनिवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंकज कुमार श्रीवास्तव की अदालत से जमानत मिल गयी.
इसके बाद वह जेल से बाहर आ गये. ददई दुबे को गढ़वा एसपी के गोपनीय कार्यालय में एसपी प्रियदर्शी आलोक के साथ झड़प के बाद नौ जुलाई को जेल भेजा गया था. इस मामले में कांग्रेस के छह कार्यकर्ताओं को भी जेल भेजा गया था. उन सभी को भी जमानत मिल गयी है. श्री दुबे को सरकारी कार्य में बाधा डालने व पुलिसकर्मियों के साथ र्दुव्यवहार के एक अन्य मामले में 21 जुलाई को ही इसी अदालत से जमानत मिल चुकी थी.
श्री दुबे को किसी भी सरकारी कार्यालय में जाने से पूर्व अनुमति लेने का आदेश दिया गया है. उन्हें किसी सभा के लिए भी अनुमति लेनी होगी. इधर, श्री दुबे जेल से बाहर आने के बाद पैदल ही इंदिरा चौक तक गये व इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.
