* भंडरिया क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जायेगा
गढ़वा : पलामू के पुलिस उप महानिरीक्षक आरके धान शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक गढ़वा कार्यालय पहुंच कर दस्तावेजों का अवलोकन किया. साथ ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि गढ़वा जिले के भंडरिया क्षेत्र में नक्सलियों के विरुद्ध पुलिस विशेष अभियान चलायेगी. उनकी गतिविधियों पर पुलिस की नजर है. श्री धान ने कहा कि समीपवर्ती राज्य छत्तीसगढ़ के पुलिस अधिकारियों के साथ वे लगातार संपर्क में हैं. उन्होंने कहा कि नक्सलियों के विरुद्ध सूचना मिलते ही कार्रवाई होगी. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बीड़ी पत्ता के ठेकेदारों पर भी पुलिस की नजर है.
नक्सलियों को इन ठेकेदारों से मोटी लेवी मिलती है. इस मामले में पिछले वर्ष एक ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की गयी थी. उन्होंने कहा कि कार्रवाई सार्थक व प्रभावी होगी. इसके पूर्व उन्होंने पुलिस अधीक्षक डॉ माइकल राज एस, एसडीपीओ अवधेश कुमार सिंह, श्रवण कुमार, अशोक कुमार आदि से बैठक कर उन्हें कई निर्देश दिये.
