मतदाता केंद्रों का किया गया पुनर्गठन प्रतिनिधि, गढ़वा जिले में मतदान केंद्रों का पुनर्गठन किया गया है. शनिवार को समाहरणालय सभागार में मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आयोजित बैठक में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण पर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने की. उप निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार राय ने बताया कि गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में पूर्व में 455 मतदान केंद्र थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 488 हो गयी है. इस प्रकार 33 नये मतदान केंद्र जोड़े गये हैं. वहीं भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में पहले 502 मतदान केंद्र थे, जो अब बढ़कर 516 हो गये हैं. इसमें 14 नये मतदान केंद्र शामिल हैं. इस तरह जिले में कुल 47 नए मतदान केंद्र जोड़े गये हैं. बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी दिनेश कुमार यादव ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के आलोक में प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि किसी भी बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होने चाहिए. इसके लिए बड़े बूथों को विभाजित कर छोटे मतदान केंद्र बनाये जायेंगे और जिन बूथों पर 1200 से कम मतदाता हैं, उन्हें जोड़कर नया बूथ बनाया जायेगा. बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
