रमना (गढ़वा) : रमना उच्च विद्यालय के परिसर में क्रिकेट खेलनेवाले बच्चों को मंगलवार को पुलिस ने बल प्रयोग कर हटा दिया. कस्तूरबा विद्यालय की वार्डन व उप प्रमुख अखिलेश पासवान ने पुलिस से यह शिकायत की थी कि वहां बच्चों द्वारा क्रिके ट खेलने से कस्तूरबा विद्यालय की बालिकाओं को परेशानी हो रही है.
गेंद कस्तूरबा विद्यालय के परिसर में चला जाता है. इसके बाद पुलिस मंगलवार की सुबह वहां जाकर बच्चों को भगाया. पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध करते हुए बच्चों ने काली पट्टी बांध कर परमेश्वरी चौक से हरिगणोश मोड़ तक मौन जुलूस निकाला.
बच्चों ने कहा कि यहां खेल का एक ही मैदान है और वे काफी पहले से खेलते आ रहे हैं. पुलिस ने उनके साथ पिटाई की है, जिससे कुछ बच्चों को चोट भी आयी है. उधर थाना
प्रभारी नरेश कुमार यादव ने बल प्रयोग करने से इनकार करते हुए कहा कि कस्तूरबा विद्यालय की वार्डन श्रद्धा देवी व उप प्रमुख अखिलेश पासवान की शिकायत के बाद बच्चों को वहां से हटाया गया.
उन्होंने कहा कि क्रिकेट खेलते समय गेंद कस्तूरबा विद्यालय के परिसर में चला जाता है, जिससे बालिकाओं को परेशानी होती है.
