गोदरमाना (गढ़वा) : रंका थाना क्षेत्र के गोदरमाना में ग्रामीणों ने बैठक कर डीसी एवं एसपी को ज्ञापन सौंपा हैं. ज्ञापन में असामाजिक तत्वों के हमले से बचाने की मांग की गयी है. सांसद कामेश्वर बैठा को भी मांग पत्र दिया गया है. इससे पूर्व हुई बैठक में गोदरमाना में लगातार घट रही हिंसक घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गयी.
असामाजिक तत्वों से सुरक्षा, अशोक कुमार पर हुए हमले के आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा गोदरमाना में स्थायी थाना बनाने की मांग की गयी. ग्रामीणों की मांग पर रंका एसडीपीओ जगदीश प्रसाद ने गोदरमाना पहुंच कर मामले की जानकारी ली.
इस दौरान उन्होंने अशोक कुमार गुप्ता पर हमले में प्रयुक्त लाठी एवं फरसे को जब्त किया. घटना के संबंध में संबंधित लोगों से पूछताछ की. एसडीपीओ ने कहा कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य की गिरफ्तारी शीघ्र की जायेगी.
