आपराधिक प्रवृत्ति का है आरोपी रामकयास उर्फ अलियार यादव
गढ़वा : हरिहरपुर ओपी क्षेत्र के रपुरा गांव के शुक्लडीहा में रामकयास उर्फ अलियार यादव के घर में मारे गये दोनों युवकों की हत्या सुनियोजित थी. अलियार की पुत्री मंजु कुमारी नंदलाल से अपने पिता को छुड़ाने के लिए 20 हजार रुपये ली थी. उसी रकम को देने के लिए उसने रविवार को नंदलाल को घर पर बुलाया था.
जहां घात लगाये उसके परिजनों ने पहले दोनों का हाथ-पांव बांधा फिर हत्या कर दी. हरिहरपुर ओपी प्रभारी सिवेश प्रसाद सिंह ने बताया कि इस हत्याकांड में नंदलाल के साथ गढ़वा से आये दिवाकर व राहुल, अलियार यादव, मंजु के मामा बालरूप यादव तथा छोटेलाल यादव शामिल हैं.
हत्या के बाद राहुल व दिवाकर ने बिट्ट का पल्सर बाइक (जेएच14 बी/5709) लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन चेन टूट जाने के बाद बाइक छोड़ कर भाग निकले. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है.
