बच्चों के रक्त समूह व हीमोग्लोबिन की जांच की गयी
गढ़वा : राधा पार्वती एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट, गढ़वा द्वारा उत्क्रमित मवि नवादा में मंगलवार को रक्त-समूह व हिमोग्लोबिन जांच शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में विद्यालय के उपस्थित विद्यार्थियों के रक्त-समूह व हिमोग्लोबिन की जांच करने के उपरांत उन्हें कार्ड भी उपलब्ध कराया गया.
इस अवसर पर ट्रस्ट के चिकित्सक सह समाजसेवी डॉ पातंजलि केसेरी ने कहा कि पंडित हर्ष द्विवेदी कला मंच परिवार निरंतर सकारात्मक कार्यों में लग कर समाज में जागरूकता लाने का कार्य कर रहा है.
इन्हीं के आग्रह पर इस विद्यालय में रक्त-समूह व हिमोग्लोबिन जांच शिविर का आयोजन किया गया है. उन्होंने कहा कि अभी से ही विद्यार्थियों को रक्त-समूह व रक्तदान आदि के विषय में जानकारी मिलने से उनमें जागरूकता आयेगी. इससे वे भविष्य में जब रक्तदाता बनेंगे, तो समाज में एक नयी तरह की परंपरा विकसित होगी. इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका बबिता देवी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों को तो लाभ होता ही है.
साथ ही समाज में एक अच्छा संदेश भी जाता है. इस मौके पर पंडित हर्ष द्विवेदी कला मंच के निदेशक व शिक्षक नीरज श्रीधर, अब्दुल मन्नान अंसारी, लैब तकनीशियन मुकेश कुमार रोशन, अश्विनी कुमार पांडेय, प्रशिक्षु जीएनएम सेजल कुमारी, सुमिता कुमारी व सोनी कुमारी आदि ने सक्रिय भूमिका निभायी. इस अवसर पर इस विद्यालय के शिक्षक रमेश राम, ताज मोहम्मद अंसारी, बाल संसद की प्रधानमंत्री माला कुमारी, शिक्षामंत्री मीनाक्षी कुमारी, सानिया परवीन सहित अन्य उपस्थित थे.
