वोकेशनल कोर्स का परिणाम जारी नहीं होने पर रोष
झारखंड छात्र मोर्चा ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया आश्वासन पर खोला ताला
गढ़वा : झारखंड छात्र मोर्चा ने शुक्रवार को तीन सूत्री मांगों को लेकर स्थानीय एसएसजेएस नामधारी कॉलेज के मुख्य द्वारा में ताला जड़ कर प्रदर्शन किया. इसके कारण तीन घंटे तक कॉलेज गेट पूरी तरह जाम रहा. छात्र मोर्चा के बैनर तले बीसीए, बीबीए एवं बीएससी आइटी के छात्रों ने जेसीएम के केंद्रीय संगठन सचिव धीरज दुबे के नेतृत्वमें तालाबंदी कर धरना पर बैठ गये तथा अपने मांग को लेकर अड़े रहे.
इस मौके पर श्री दुबे ने कहा कि कॉलेज की आपसी लड़ाई में सैकड़ों बच्चों का भविष्य अधर में लटका हुआ है.
झारखंड के अन्य महाविद्यालय तथा नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के बाकी कॉलेजों में बीसीए,बीबीए विषय का रिजल्ट जारी कर दिया गया है. लेकिन नामधारी कॉलेज के छात्रों का परिणाम अभी तक लंबित रखा गया है. जिसके कारण छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं. उच्चस्तरीय पढ़ाई हेतु राज्य के लगभग सभी महाविद्यालय में नामांकन की तिथि समाप्त होने वाली है.अगर उससे पहले रिजल्ट नहीं निकलता तो उनका नामांकन अधर में लटक जाएगा और मजबूरन अगले सत्र के इंतजार में उनकी एक साल की पढ़ाई बाधित होगी.
वोकेशनल शिक्षक अपने 13 महीने के लंबित वेतन के लिए हड़ताल पर हैं तथा प्राचार्य के द्वारा बाहरी शिक्षक को बुलाकर अनियमित रूप से एक ही दिन में परीक्षा लिए जाने से नाराज हैं. उनका कहना है कि एक्सटर्नल परीक्षा नियम विरुद्ध लिया गया है. अतः हम इंटरनल परीक्षा नहीं ले सकते. क्योंकि बाद में इस अनियमित कार्य की जिम्मेदारी हम पर थोप दी जायेगी.
उनका कहना है अगर विश्वविद्यालय द्वारा इस विषय पर अंडरटेकिंग ली जाती है, तब वह इंटरनल परीक्षा लेने के लिए राजी होंगे, अन्यथा खुद फंसने वाला काम नहीं करेंगे. ज्ञात हो कि इनकी नियुक्ति और वेतन को लेकर एक मामला झारखंड उच्च न्यायालय में चल रहा है, जो प्राचार्य और वोकेशनल शिक्षक के बीच तनातनी का विषय बना हुआ है.
वहीं वोकेशनल विभाग को दुरुस्त करने के लिए आवंटित 15 लाख रुपये के बंदरबांट के मामले में भी उच्चस्तरीय जांच की मांग की.तालाबंदी व धरना में राहुल तिवारी, अमन केसरी, ऋषि आनंद केसरी, मदन कुमार, राहुल डिसूजा, मनीष पाल, दीपक तिवारी, अंकित पांडे, विद्यापति ऋषि, कमलेश राम, धीरेंद्र प्रताप ठाकुर, शत्रुघन कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे.
