भवनाथपुर : भवनाथपुर प्रखंड क्षेत्र में विधायक मद की राशि की बंदरबाट का मामला प्रखंड क्षेत्र के मकरी पंचायत अंतर्गत बरवाबांध के इमलियाढोढ़ा में देखने को मिला. जहां विधायक मद से डेढ़ लाख की लागत से बननेवाले श्मशान घाट के निर्माण के बिना राशि की निकासी कर ली गयी.
जानकारी के अनुसार बरवाबांध गांव के इमलियाढोढ़ा नदी स्थित श्मशान घाट निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2017-18 में गांव के ही बिहारी बैठा के नाम विधायक मद से डेढ़ लाख रुपये की स्वीकृति मिली थी, लेकिन उक्त योजना के अभिकर्ता बिहारी बैठा के बदले नौसंमो के वरीय नेताओं के निर्देश पर उक्त कार्य का 20 हजार रुपये का चेक गांव के ही गोपाल राम के नाम पर काट दिया गया. इस पर अभिकर्ता बिहारी बैठा ने आपत्ति जताते हुए योजना का बहिष्कार कर दिया. इससे उक्त योजना खटाई में पड़ गयी है.
ग्रामीणों ने बताया कि विधायक मद से बनने वाला श्मशान घाट दो नौसंमो नेताओं की कारगुजारी के कारण अब तक नहीं बन सका है. आरोप लगाते हुए कहा कि अगर सही और निष्पक्ष ढंग से कार्य कराया जाता, तो दो वर्ष पुरानी योजना अभी तक पूर्ण हो जाती. इस मामले को लेकर गोपाल राम ने बताया कि योजना का कार्य नौसंमो के सचिव धनंजय साह ने मेरे नाम पर 20 हजार रुपये का चेक देकर कार्य को पूर्ण कराने को कहा. लेकिन जब वह मेटेरियल गिरा दिये, तो धनंजय साह ने कहा कि अब ये कार्य बिहारी बैठा पूर्ण करायेंगे.
