गढ़वा : वित्त मंत्री द्वारा पेश किये गये आम बजट को लेकर लोगों ने इसे जनहित का बजट बताया है. इस बारे में कई लोगों ने कहा कि यह बजट जनता के हित में काफी अच्छा है. लेकिन बजट में की गयी घोषणाएं धरातल पर उतरेगी तभी इसे अच्छा माना जायेगा. भाजपा नेता व समाजसेवी अलखनाथ पांडेय ने कहा कि यह बजट नौकरी पेशा, सीनियर सीटीजन के लिये अच्छा है.
साथ ही आम लोगों के इस्तेमाल की जानेवाली वस्तुएं सस्ती हुई है. वर्तमान में इससे अच्छा बजट नहीं हो सकता. भाजपा किसान मोरचा के प्रदेश उपाध्यक्ष कन्हैया चौबे ने कहा कि उन्होंने जब से होश संभाला है कई सरकार को देखा है. लेकिन जनहित से जुड़ा इतना अच्छा बजट पहली बार देख रहा हूं. इसे अंतरराष्ट्रीय बजट कहा जाय तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी. किसान मोरचा के जिला महामंत्री मुरलीश्याम सोनी ने कहा कि यह बजट किसानों के लिये काफी हित कर साबित होगा. इसमें कृषि क्षेत्र में निवेश के लिए की गयी घोषणा सराहनीय है. बजट में हरित क्रांति, श्वेत क्र ांति तथा मार्केटिंग सिस्टम को और सरल बनाने का प्रावधान किया गया है. यह काफी अच्छा है.
राजद के डॉ मुरली गुप्ता ने कहा कि यह लोकलभुवावन बजट है. मोदी सरकार घोषणानाएं तो करती है लेकिन अबतक इसका परिणाम सकारात्मक नहीं दिखा है. व्यवसायी आलोक मिश्र ने कहा कि इस बजट में सभी लोगों का ख्याल रखा गया है. चाहे कृषि का क्षेत्र हो, शिक्षा का क्षेत्र हो, महिलाओं के विकास की बात हो, सभी क्षेत्रों में उत्थान की बातें देश को काफी आगे ले जायेगा और देशवासियों को इसका लाभ मिलेगा. माले नेत्री सह जिप सदस्य सुषमा मेहता ने कहा कि यह बजट जनता के हाथ में है.
जिस तरह से वित्त मंत्री ने सभी क्षेत्रों में बेहतरी की बात कही है. वह तभी सफल माना जायेगा जब इसे धरातल पर उतारा जायेगा. उन्होंने कहा कि महिलाओं के विकास के लिये वह महिला शिक्षा के लिये की गयी घोषणा सराहनीय है. व्यवसायी नंद कुमार गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार का पहला बजट सराहनीय है. इसमें कशमिरी विस्थापितों के लिए की गयी घोषणा तथा देश में नये आईआईटी व मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा से आनेवाले दिन अच्छे दिन साबित होंगे.
