गढ़वा: मेराल थाना क्षेत्र के पेसका गांव में बुधवार को जुलूस से लौट रहे 12 वर्षीय बच्चे को टेंपो ने टक्कर मार दी. हादसे में पेसका गांव निवासी याकूब अंसारी का पुत्र सहान राजा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे.
परिजनों के अनुसार, सहान राजा जुलूस में शामिल होने के लिए घर से निकला था. जुलूस समाप्त होने के बाद वह घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में एक टेंपो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में उसके चेहरे पर गंभीर चोट आयी और चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को तत्काल गढ़वा सदर अस्पताल ले गये. अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया.
