अधिकार शिविर के अंतिम दिन एक भी अधिकारी नहीं पहुंचे
रमकंडा(गढ़वा) : प्रखंड कार्यालय में आयोजित मेरा अधिकार मेरे साथ शिविर के अंतिम दिन शनिवार को अधिकारियों के नहीं रहने के कारण ग्रामीणों को निराश होकर लौटना पड़ा. इसके कारण ग्रामीणों में काफी रोष देखा गया. विदित हो कि मेरा अधिकार मेरे साथ शिविर का आयोजन 19 मई से 24 मई तक होना था. शिविर की सूचना बाद में ग्रामीणों को जैसे-जैसे मिली, वे अपने आवेदन लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंचे. शनिवार को अंतिम दिन होने के कारण भीड़ ज्यादा थी.
लेकिन आज न तो बीडीओ थे और न ही कोई अन्य अधिकारी अथवा कर्मचारी. प्रखंड कार्यालय में सिर्फ पंचायत सेवक सूर्यदेव सिंह और जनसेवक सुरेश कुमार सिंह आये थे, जो अपने चेंबर में बैठे थे. बाहर में किसी भी विभाग का स्टॉल नहीं लगा था. शिविर में उदयपुर, हरहे, नवाडीह, चपरी आदि के ग्रामीण पहुंचे हुए थे.
ग्रामीण नागेश्वर प्रसाद, किसमतिया कुंवर, प्रमिला देवी, राजनाथ पासवान, रमेश भुइयां, लखा भुइयां, सरयू सिंह, रमेश भुइयां, ओमप्रकाश जायसवाल आदि ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि वे लोग धूप में काफी दूर से शिविर के लिए आये थे. लेकिन यहां न तो शिविर लगा है और न ही शिविर नहीं रहने की पहले कोई घोषणा की गयी है. इस संबंध में बीडीओ सुबोध कुमार जानकारी लेने पर उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन की स्वीकृति के लिए डीसी ऑफिस गये थे, जिस कारण शिविर में नहीं जा सके.
