खरौंधी : प्रखंड कार्यालय के बाहर बकरी शेड का भुगतान को लेकर खरौंधी पंचायत के लाभुक संतोष बैठा और रोजगार सेवक पिनाकी चतुर्वेदी के बीच मारपीट हुई. इस संबंध में स्थानीय थाने में मामला दर्ज किया गया है. घटना मंगलवार की अपराह्न करीब डेढ़ बजे की है. बकरी शेड का भुगतान को लेकर लाभुक संतोष बैठा और रोजगार सेवक पिनाकी चतुर्वेदी के बीच झगड़ा हुआ. बात गाली-गलौज तक पहुंच गयी. इसी बीच संतोष ने रोजगार सेवक के साथ मारपीट कर दी. मामला थाना में पहुंचने पर थाना प्रभारी ने रोजगार सेवक के आवेदन के आलोक में संतोष बैठा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है.
रोजगार सेवक पिनाकी चतुर्वेदी ने आवेदन में लाभुक संतोष बैठा पर गाली-गलौज करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है. उसने संतोष पर सरकारी दस्तावेज फाड़ने का भी आरोप लगाया है. आवेदन में कहा गया है कि संतोष बैठा फर्जी दस्तावेज लेकर हस्ताक्षर कराने के लिए प्रखंड कार्यालय आया था. हस्ताक्षर नहीं किये जाने पर उसके द्वारा गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गयी. कहा गया है कि इससे पहले भी संतोष बैठा अभद्र व्यवहार कर चुका है.
इधर लाभुक संतोष बैठा ने कहा कि वह बकरी शेड का निर्माण करा चुका है. मास्टर रोल पर मुखिया, ग्रामसेवक का हस्ताक्षर हो चुका है. रोजगार सेवक द्वारा बकरी शेड की राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है. रोजगार सेवक द्वारा इसके एवज में पैसे की मांग की जा रही है. पैसा नहीं देने के चलते भुगतान नहीं किया जा रहा है. साथ ही उसने रोजगार सेवक पर जातिसूचक शब्द कहकर गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया.
