भानु प्रताप शाही व सांसद ढुल्लू महतो में सेल अधिकारियों के साथ की बैठक प्रतिनिधि, भवनाथपुर सेल प्रबंधन द्वारा भवनाथपुर टाउनशिप के आवासीय परिसर में रहने वाले 736 लोगों को अवैध बताकर 25 अप्रैल से बिजली कनेक्शन काटने की योजना पर घमासान शुरू हो गया है. इस मुद्दे को लेकर बुधवार को भवनाथपुर के पूर्व विधायक सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही और धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने बोकारो सर्किट हाउस में सेल के उच्च अधिकारियों (एड इंचार्ज) के साथ उच्चस्तरीय बैठक की. बैठक के दौरान भानु प्रताप शाही ने अधिकारियों से कहा कि भवनाथपुर का एक स्थानीय अधिकारी वहां रह रहे लोगों के साथ बांग्लादेशी घुसपैठियों जैसा व्यवहार कर रहा है. उन्होंने कहा कि आवासीय परिसर में रहने वाले सभी लोग किसी न किसी रूप में सेल से जुड़े हुए हैं. कई लोग सेवानिवृत्ति के बाद वहां रह रहे हैं, उनके बच्चे वहीं पढ़ रहे हैं और छोटे-मोटे रोजगार से जुड़े हैं. ऐसे में अधिकारियों की मनमानी और स्थानीय लोगों को परेशान करने की नीति बर्दाश्त से बाहर है. पूर्व मंत्री ने प्रबंधन के सामने दो विकल्प रखे, जिसमें सेल परिसर के आवासों को रहने वालों को लीज पर देने या सेल प्रबंधन को राज्य सरकार से बिजली लेने के प्रस्ताव पर अपनी सहमति देने का विकल्प शामिल है. बैठक में भवनाथपुर से दिनेश कुमार सिंह, अजय सोनी, विमलेश यादव, सत्यम पाण्डेय, सुबोध पाठक, ओम प्रशुन और राजेश प्रसाद गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित थे. किसी भी हाल में न कटे बिजली: ढुल्लू बैठक में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने भी अधिकारियों को चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि टाउनशिप में रहने वाले लोगों की बिजली किसी भी हाल में कटनी नही चाहिए. बिजली की व्यवस्था जैसी चल रही है, उसे यथावत रखा जाये. उन्होंने कहा कि आम लोगों के मूलभूत अधिकारों के साथ खिलवाड़ कतई स्वीकार्य नहीं है. वहीं इन दलीलों पर सेल अधिकारियों ने सहमति जताते हुए कहा कि वे इन बातों को बैठक में प्रमुखता से रखेंगे. हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भवनाथपुर यूनिट का नियंत्रण सीधे बोकारो स्टील प्लांट से न होकर भिलाई स्टील प्लांट से होता है, फिर भी वे अपनी ओर से पूरा प्रयास करेंगे कि बिजली आपूर्ति बाधित न हो.
भवनाथपुर टाउनशिप में रह रहे लोगों के साथ हो रहा घुसपैठियों जैसा व्यवहार: भानु
भानु प्रताप शाही व सांसद ढुल्लू महतो में सेल अधिकारियों के साथ की बैठक
