गढ़वा : मेंटल अस्पताल चेन्नई में पिछले छह वर्ष से इलाजरत मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति के स्वस्थ होने के बाद उसे घर वापस लाने के लिए अस्पताल ने जिला प्रशासन को सूचित किया है. उस व्यक्ति का नाम कारल राम पिता छवि राम है. वह भवनाथपुर प्रखंड के बक्शीपुर गांव का निवासी है.
इस संबंध में उक्त अस्पताल प्रबंधन ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी देवनारायण सिंह को दूरभाष पर इसकी जानकारी दी. डॉ अरविंदम ने मंगलवार को दूरभाष पर उन्हें बताया कि कारल राम वर्ष 2008 से यहां के अस्पताल में इलाज के लिये भरती कराया गया था, जो पूरी तरह स्वस्थ हो चुका है. अत: उसके परिजनों को सूचित कर उसे वापस ले जाने की कार्रवाई की जानी चाहिए. अस्पताल के इस सूचना के बाद देवनारायण सिंह ने भवनाथपुर बीडीओ को इसकी जानकारी दी और उन्हें कारल राम के परिजनों को सूचित करने को कहा. उन्होंने बताया कि कारल राम के परिजन उनसे जिला मुख्यालय में संपर्क कर पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और उन्हें अस्पताल प्रबंधन से सीधी बात कराने के बाद वे चेन्नई जाकर उसे वापस ला सकते हैं.
