झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश ठाकुर, सुप्रीयो भट्टाचार्य एवं केंद्रीय प्रवक्ता ने गढ़वा की बिजली समस्या को लेकर चेयरमैन से की मुलाकात
गढ़वा : गढ़वा जिले को हटिया ग्रिड से जोड़ कर खस्ताहाल बिजली व्यवस्था में सुधार को लेकर गढ़वा-रंका विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सह झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर, सुप्रीयो भट्टाचार्य एवं केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय राज्य बोर्ड निगम के चेयरमैन राहुल पुरवार से मिल कर एक मांगपत्र सौंपा तथा मामले में कार्रवाई की मांग की़
श्री ठाकुर ने बताया कि गढ़वा जिले में लचर बिजली व्यवस्था के कारण शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों की जनता काफी परेशान है़ बिजली के नहीं रहने के कारण सिंचाई, बच्चों की पढ़ाई, बैंक का कामकाज बाधित है़ उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सभी प्रकार के प्रमाणपत्र व जमीन के मालगुजारी का रशीद ऑनलाइन किये जाने का प्रभाव भी बिजली के नहीं रहने के कारण प्रभावित हो रहा है़ उन्होंने श्री पुरवार से उपरोक्त समस्याओं को का समाधान करने व उक्त परेशानी से जूझ रहे लोगों को इससे निजात दिलाने की मांग की़
इस दौरान श्री पुरवार ने उक्त प्रतिनिधि को आश्वस्त करते हुए कहा कि चार माह के अंदर गढ़वा जिले को हटिया ग्रिड से जोड़ दिया जायेगा तथा ग्रामीण विद्युतीकरण योजना से गढ़वा जिले के बचे हुए अच्छादित गांव का विद्युतीकरण कर दिया जोयगा़ श्री ठाकुर ने बताया कि झामुमो के केंद्रीय नेताओं द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में लगाये गये कम क्षमता के ट्रांसफारमरों को शीघ्र बदल कर उच्च क्षमता के ट्रांसफारमर लगाने की भी मांग की़ इस पर बोर्ड के चेयरमैन ने कहा कि चरणबद्ध तरीके से उच्च क्षमता के ट्रांसफारमर को लगाया जायेगा़ साथ ही उन्होंने बताया कि जिले में कई पावर सब स्टेशनों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है. आठ-नौ माह के अंदर जिले को 20-22 घंटे बिजली मिलेगी तथा निकट भविष्य में बिहार एवं उत्तर प्रदेश से बिजली की निर्भरता समाप्त हो जायेगी़
