टाटीदीरी जंगल में वन पर्यावरण कार्यक्रम का आयोजन
धुरकी : वन पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन कार्यक्रम के तहत धुरकी प्रखंड के टाटीदीरी जंगल में 68वां वन महोत्सव सह पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया़ इस दौरान विधायक भानु प्रताप शाही, वन संरक्षक आरके राय व डीएफओ अशोक कुमार दुबे ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की़ इस मौके पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक श्री शाही ने कहा कि यदि आप एक पौधा लगा दें, तो आपका जीवन सफल है़
यदि आप पांच पौधे लगाते हैं, तो बेटी की शादी के लिए आपको पैसे की समस्या नहीं रहेगी़ उन्होंने इस बात पर खुशी व्यक्त की कि टाटीदीरी व मिरचइया के क्षेत्र में 50-50 एकड़ में 83300 पौधे लगाये जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि लगाये गये पौधे का संरक्षण करना हम सबकी जिम्मेवारी है़ वन से हमारा जीवन व जलवायु जुड़ा हुआ है़ इस मौके पर वन संरक्षण पदाधिकारी आरके राय ने कहा कि सरकार वन एवं पर्यावरण को लेकर काफी गंभीर है़ उन्होंने कहा कि पनघटवा डैम के पास इसलिये वनरोपण किया जा रहा है, ताकि पनघटवा डैम का पानी प्रदूषित न हो. पेड़ के अभाव में पहाड़ की मिट्टी को बहकर डैम में आने की आशंका है़
सभा को वन प्रमंडल पदाधिकारी उत्तरी अशोक कुमार दुबे, जिप सदस्य जानकी सिंह, प्रमुख विनोद कोरवा, उप प्रमुख प्रभु शंकर जायसवाल व बीडीओ देवानंद राम ने भी संबोधित किया़ नसंमो के प्रखंड अध्यक्ष अखिलेश यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का संचालन रामदास भुइयां ने किया़ इस मौके पर नसंमो के लक्ष्मण राम, संजय जायसवाल, इकबाल खान, शशि कमलापुरी, उपेंद्र चंद्रवंशी, रामसेवक यादव, रामप्रवेश यादव, मुन्ना जायसवाल, सामदेव बैठा सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे़
