दूल्हे के पिता, मां व दो बहनोई हिरासत में
बंशीधर नगर : बंशीधर मंदिर में बीती रात शादी के दौरान मंडप से दुल्हन को देख दूल्हा के भागने का मामला प्रकाश में आया है. मामला आने के बाद लड़की के पिता ने स्थानीय थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूल्हे के पिता सहदेव गुप्ता, मां सुबचनी देवी तथा दो बहनोई महेश गुप्ता तथा बबलू गुप्ता को हिरासत में ले लिया है.
घटना के बारे में बताया जाता है कि लड़की पक्ष केतार थाना क्षेत्र के पाचाडुमर ग्राम के धंगरडीहा टोला निवासी रामजी साह अपनी पुत्री रीमा कुमारी की शादी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिला के रायपुर थाना क्षेत्र के सरइगढ़ा ग्राम निवासी सहदेव गुप्ता के पुत्र विजेश गुप्ता के साथ तय हुआ था. दोनों पक्ष तय तिथि के अनुसार शादी के लिए बुधवार की शाम बंशीधर मंदिर पहुंचे थे. शादी के दौरान दूल्हा के मां ने दुल्हन के हाथ मे उजले दाग देख कर अपने लड़के को जैसे ही बतायी दूल्हा उठ कर विवाह मंडप से भाग निकला.
लड़की के पिता रामजी साव ने बताया कि दो जून को लड़का के पिता व बहनोई ने घर मे दो दिन रहकर लड़की देख शादी करने के लिए राजी हुआ था. लड़की देखने के दौरान ही उन्होंने लड़की के हाथ में उजले दाग के बारे में बता दिया था. इसके बाद भी शादी के लिए लड़का पक्ष तैयार हो गया. उन्होंने बताया कि शादी करने के लिए 1.51 लाख नकद दिया था.
सात मई को शादी की तिथि बंशीधर मंदिर से करने के लिए तय हुआ था. लेकिन शादी के दौरान लड़के की मां ने लड़का को कुछ कहा, जिसके बाद लड़का भाग निकला. लड़का के पिता सहदेव गुप्ता ने कहा कि वे पूरा परिवार शादी के लिए तैयार है लेकिन लड़का भाग गया, क्यों भागा नहीं बता सकते.
