East Singhbhum News : पंप खराब होने से 1800 घरों में जलापूर्ति ठप, परेशान रहे लोग

घाटशिला प्रखंड स्थित दाहीगोड़ा पानी टंकी से शुक्रवार को जलापूर्ति ठप हो गयी. इससे करीब 1800 परिवार परेशान रहे.

घाटशिला.

घाटशिला प्रखंड स्थित दाहीगोड़ा पानी टंकी से शुक्रवार को जलापूर्ति ठप हो गयी. इससे करीब 1800 परिवार परेशान रहे. उक्त पानी टंकी से गोपालपुर, घाटशिला और पावड़ा पंचायतों में जलापूर्ति होती है. बताया जा रहा है कि पांच पांडव के इंटेक वेल का मोटर पंप खराब होने से समस्या हुई है. जलापूर्ति ठप होने से लोगों में आक्रोश है.

मुस्लिम बस्ती के 300 घरों में तीन साल से आपूर्ति ठप

ज्ञात हो कि घाटशिला पंचायत के कई हिस्सों में नियमित रूप से जलापूर्ति नहीं होने की शिकायत मिलती रही है. सबसे अधिक घाटशिला मुस्लिम बस्ती प्रभावित है. यहां लोगों को तीन वर्षों से पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है. मुस्लिम बस्ती कमेटी के सचिव अब्दुल गफ्फार ने बताया कि लगभग 300 घरों में करीब 1200 की आबादी है. यहां पिछले तीन साल से पानी की सप्लाई बंद है. समस्या से विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रशासन अवगत है, लेकिन समाधान नहीं हुआ.

सप्लाई बंद रहने से कई लोगों ने कनेक्शन कटवाया

मुस्लिम बस्ती के शेख आदिल, शेख नूर आलम, शेख साजिद और आदिल मीर ने कहा कि पहले जलापूर्ति का कनेक्शन था. तीन साल से सप्लाई बंद रहने के कारण कई लोगों ने कनेक्शन कटवा दिया. कुछ लोगों के कनेक्शन अभी भी हैं. मनोज सिंह ने बताया कि घाटशिला पंचायत के राजस्टेट, गोराईपाड़ा, तमलीपाड़ा और बाबूपाड़ा इलाकों में भी जलापूर्ति की स्थिति संतोषजनक नहीं है.पांच पांडव के इंटेक वेल का मोटर खराब है. मरम्मत कार्य जारी है. उम्मीद है शनिवार से जलापूर्ति बहाल होगी. मुस्लिम बस्ती में तीन साल से सप्लाई बंद है. इसकी जानकारी नहीं थी. समिति से बात कर आवश्यक कदम उठाए जायेंगे.

-कैलाश राम, कनीय अभियंता, जल स्वच्छता विभाग, घाटशिला

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKASH

AKASH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >