East Singhbhum News : रामदास सोरेन की जयंती पर मूर्ति का अनावरण

कमजोर वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा: विधायक

घाटशिला.

घाटशिला के फूलडूंगरी स्थित झामुमो संपर्क कार्यालय में गुरुवार को पूर्व मंत्री स्व. रामदास सोरेन की जयंती समारोहपूर्वक मनायी गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू ने की. इस मौके पर दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन और स्व. रामदास सोरेन की संयुक्त मूर्ति का अनावरण किया गया. जयंती समारोह में स्व. सोरेन की धर्मपत्नी सूरजमनी सोरेन, घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, एसडीओ सुनील चंद्र, बीडीओ यूनिका शर्मा, प्रमुख सुशीला टुडू, मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन, झारखंड आंदोलनकारी रामदास हांसदा और कालीपदो गोराई आदि उपस्थित थे.

विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन और स्व. रामदास सोरेन ने समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए जो राह दिखायी, उसी पथ पर वे आगे बढ़ेंगे. उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी-मूलवासी सम्मान के लिए संघर्ष जारी रहेगा. कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण भी किया गया. समारोह में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे. आयोजन का संचालन जगदीश भगत ने किया. उन्होंने बताया कि 1 जनवरी को स्व. रामदास सोरेन और 11 जनवरी को दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं.

माटी कला भवन में कोचिंग का उद्घाटन

स्व. रामदास सोरेन की जयंती पर घाटशिला के लालडीह स्थित माटी कला भवन परिसर में आरडीएस फाउंडेशन डिजिटल क्लास का उद्घाटन किया गया. इस केंद्र का निर्माण स्व. रामदास सोरेन के कार्यकाल में लाखों की लागत से स्वीकृत हुआ था. उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र और विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने डिजिटल बोर्ड पर हस्ताक्षर कर किया. माटी कला बोर्ड के संचालक जगदीश भगत ने बताया कि केंद्र में डिजिटल क्लास की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है, जहां वर्तमान में करीब 40 बच्चे अध्ययनरत हैं. उनके लिए आवास और भोजन की व्यवस्था भी की गयी है. केंद्र संचालन के लिए प्रति छात्र 1200 रुपये शुल्क तय किया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akash

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >