पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में जंगल में फल चुनने गयी वृद्धा को मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक ने लाठी-पत्थर से पीटकर हत्या कर दी. मृतका की पहचान बुस्की मुर्मू (75 वर्ष) के रूप में हुई. घटना के बाद भाग रहे आरोपी राम सरदार को ग्रामीणों ने पकड़कर पिटाई कर दी. वहीं, बाद में पुलिस को सौंप दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. सूचना मिलते ही कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव और एसआइ सहदेव सिंह पहुंचे. पुलिस ने आरोपी राम सरदार को भीड़ से निकालकर अपनी गिरफ्त में लिया. वहीं, बुस्की मुर्मू के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेज दिया. जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह बुस्की मुर्मू गांव के समीप जंगल में महुआ का फल (कोचड़ा) चुनने गयी थी. इस बीच अचानक कुंदरुकोचा निवासी राम सरदार पहुंच गया. उसने वृद्धा पर भारी पत्थर से हमला कर दिया. उसके सिर व चेहरे को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गयी.
लाठी-डंडा लेकर पहुंचे ग्रामीण, आरोपी को दौड़ाकर दबोचा
जंगल में बुजुर्ग महिला की हत्या की खबर मिलते ही ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर पहुंचे. खून से लथपथ महिला का शव देख ग्रामीणों ने भाग रहे आरोपी राम सरदार को घेरकर दबोच लिया. ग्रामीणों ने आरोपी की धुनाई कर दी. हालांकि, ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय दिया और कानून को अपने हाथ में न लेते हुए मामले की जानकारी तुरंत कोवाली पुलिस को दी.
कुछ दिनों से अजीब हरकत कर रहा आरोपी : पूर्व मुखिया
नारदा पंचायत के पूर्व मुखिया चंका सरदार ने बताया कि आरोपी राम सरदार कुछ दिन पूर्व टीबी की जांच कराने एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर गया था. वहां से लौटने के बाद वह अजीब-अजीब हरकत कर रहा है. पिछले कुछ दिनों से रास्ते में आने-जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बेवजह मारने-पीटने के लिए दौड़ रहा था. राम सरदार ने नारदा इलाके में एक अन्य महिला के साथ मारपीट की थी.
आरोपी एमजीएम में भर्ती, स्वस्थ होते ही जेल भेजेंगे : डीएसपी
मुसाबनी डीएसपी रोहित रजवार ने बताया कि आरोपी राम सरदार बीमार है. उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. पिछले कुछ दिनों से ठीक से खाना-पीना नहीं करने के कारण शारीरिक रूप से बेहद कमजोर है. उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर में भर्ती कराया गया है. पुलिस अभिरक्षा में उसका उपचार चल रहा है. डॉक्टरों से उसकी स्थिति में सुधार की पुष्टि होते ही न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जायेगा. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.