गुड़ाबांदा.
गुड़ाबांदा प्रखंड में बालू का अवैध खनन और परिवहन की सूचना पर शुक्रवार की सुबह खनन विभाग की टीम ने छापेमारी की. इस दौरान बिना वैध चालान के बालू परिवहन करते सात हाइवा को जब्त किया गया. माइनिंग इंस्पेक्टर अरविंद उरांव और थाना प्रभारी कुमार सुमित यादव ने भाखर से दो और कोइमा से चार हाइवा को जब्त किया. इस मामले में माइनिंग इंस्पेक्टर अरविंद उरांव के बयान पर थाना में दो केस संख्या 25/2025 और 26/2025 दर्ज किये गये हैं.कोइमा के स्टॉक यार्ड से बालू लोड हुआ था
बालू की लोडिंग कोइमा स्थित एक स्टॉक यार्ड से की गयी थी, जिसका चालान नहीं काटा गया था. बिना वैध चालान के हाइवा से बालू का परिवहन किया जा रहा था. माइनिंग इंस्पेक्टर की छापेमारी से बालू के अवैध परिवहन में जुटे लोगों में हड़कंप है. छापेमारी की जानकारी मिलते ही कई हाइवा चालक ने वापस स्टॉक यार्ड में बालू को डंप कर दिया. खनन विभाग की कार्रवाई के बाद दर्जनों खाली हाइवा कोइमा सड़क पर खड़े दिखे.
सरकारी राजस्व को पहुंच रहा नुकसान
बीएएएस 303(02), 317(5), 21 एमएमडीआर एक्ट व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. ज्ञात हो कि गुड़ाबांदा के बालू घाटों से बालू का अवैध खनन और परिवहन की लगातार सूचना मिल रही थी. इसके बाद कार्रवाई की गयी. इस अवैध कारोबार से सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है. यहां से बालू पश्चिम बंगाल और जमशेदपुर भेजा जाता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
