East Singhbhum News : अस्पताल व आश्रम विद्यालय की स्थिति पर जतायी चिंता

योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करें : विधायक

गुड़ाबांदा. बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती ने गुरुवार को गुड़ाबांदा प्रखंड का दौरा कर स्वास्थ्य, शिक्षा व विभिन्न योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने बनमाकड़ी स्थित कल्याण अस्पताल में दिव्यांगता जांच शिविर का उद्घाटन किया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल में खराब पंखे, जर्जर बेड व शौचालय की समस्या सामने आई, जिस पर विधायक ने जल्द सुधार का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि पंखों की व्यवस्था निजी फंड से उपलब्ध करायी जायेगी व नये बेड और शौचालय की भी जल्द मरम्मत होगी. विधायक ने अर्जुनबेड़ा आश्रम विद्यालय का भी निरीक्षण किया, जहां छात्राओं ने भवन की खराब स्थिति, स्टडी टेबल, कंप्यूटर, कॉपी-पेन व सेनेटरी पैड की कमी की शिकायत की. वार्डन द्वारा सौंपे गये मांग पत्र पर विधायक ने शीघ्र समाधान का भरोसा दिया और अलग से बैठक करने की बात कही.

विभागीय समीक्षा में दिए कई निर्देश योजनाओं में पारदर्शिता पर जोर

प्रखंड कार्यालय में बीडीओ डांगुर कोड़ाह की उपस्थिति में सभी विभागों की समीक्षा की गयी. विधायक ने बैंकिंग सेवाओं में केवाईसी व लिंक फेल की समस्या दूर करने, खराब ट्रांसफार्मर दो दिनों में बदलने, आवास योजनाओं में पात्र लाभुकों का सही चयन सुनिश्चित करने तथा राशन वितरण में कटौती नहीं करने के निर्देश दिये. मनरेगा के तहत दीदी बाड़ी योजना में अनियमितता की शिकायत पर जांच के आदेश दिये. साथ ही पेयजल विभाग को खराब चापाकल व जलमीनार की सूची बनाकर शीघ्र मरम्मत करने को कहा गया. प्रखंड कार्यालय के जर्जर भवन की मरम्मत कराने का भी आश्वासन दिया गया. इस दौरान विधायक ने झारखंड आंदोलनकारियों को प्रशस्ति पत्र व वनपट्टा वितरित किया तथा एक चयनित आंगनबाड़ी सेविका को मोबाइल प्रदान किया. विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करें. मौके पर जिला पार्षद शिवनाथ मांडी, झामुमो नेता असित मिश्रा, साकिला हेंब्रम, रविलाल सोरेन मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >