जमशेदपुर से मजदूरी कर लौट रहे मजदूर को टैंकर ने कुचला, मौत

टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर हुआ हादसा, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

पटमदा.

टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर कुटिमाकुली गांव के पास सोमवार देर शाम जमशेदपुर से दिनभर मजदूरी करने के बाद अपने घर लौट रहे बांकादा गांव निवासी मुचीराम मुदी (48 ) को तेज रफ्तार टैंकर ने अपनी चपेट में ले लिया. टैंकर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुचीराम की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. इस हादसे ने एक गरीब परिवार के घर लौटने की खुशी को पल भर में मातम में बदल दिया.

अचानक हुई बारिश बनी काल, दो अन्य मजदूर बाल-बाल बचे

मृतक मुचीराम मुदी जमशेदपुर में मजदूरी का काम करते थे. सोमवार की शाम वह अपने बड़े बेटे के साथ बस की छत पर सवार होकर घर लौट रहे थे. इसी बीच रास्ते में अचानक तेज बारिश शुरू हो गयी. बारिश से बचने के लिए पिता-पुत्र हलुदबनी कैंप के पास बस से नीचे उतर गये. इसके बाद वे दोनों पैदल ही बोंटा गांव की ओर आगे बढ़ रहे थे, इसी दौरान पीछे से आ रहे अनियंत्रित टैंकर ने मुचीराम को कुचल दिया. हादसे को अंजाम देने के बाद चालक टैंकर लेकर तेजी से भागा. भागने के क्रम में धूसरा गांव के पास दो अन्य मजदूर भी इस टैंकर की चपेट में आने से बाल-बाल बचे. रफ्तार इतनी तेज थी कि टैंकर पटमदा थाना के सामने से भी तेजी से निकल गया. इसके बाद पटमदा पुलिस की सूचना पर कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार ने त्वरित सूझबूझ दिखाई और आगे बैरियर लगाकर भाग रहे टैंकर को धर दबोचा.

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी उमेश महतो ने तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचित किया. इधर, हादसे से आक्रोशित बांकादा और कुटिमाकुली गांव के ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों के लिए उचित मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं. हालांकि, जैसे ही पुलिस ने ग्रामीणों को जानकारी दी कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले टैंकर को कमलपुर पुलिस ने बैरियर लगाकर पकड़ लिया है, ग्रामीणों ने जाम हटा लिया और यातायात सामान्य हुआ.

पीछे छूट गया रोता-बिलखता परिवार

मृतक मुचीराम बेहद गरीब था. वही अपने घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे. उनकी असामयिक मौत से उनके पीछे दो बेटे, एक बेटी और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के सामने अब आजीविका का बड़ा संकट खड़ा हो गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >