East Singbhum News : वेट्री ट्रेडर्स के संचालक के खिलाफ 60 लोगों ने प्राथमिकी दर्ज करायी

घाटशिला. ग्राहकों से करोड़ों की ठगी का आरोप, शोरूम सील कर जांच शुरू

घाटशिला. घाटशिला के गोपालपुर ओवरब्रिज के समीप रामकृष्णा अपार्टमेंट में संचालित मेसर्स वेट्री ट्रेडर्स के सस्ते दामों में इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर व बर्तन देने का झांसा देकर कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी के मामले ने गंभीर रूप लिया है. कंपनी के फरार संचालकों के खिलाफ घाटशिला थाना में अब तक 60 से अधिक लोगों ने आवेदन देकर शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.

प्रशिक्षु आइपीएस सह थाना प्रभारी ऋषभ त्रिवेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगभग 7 लाख रुपये का भुगतान कर ग्राहक ऑर्डर दे चुके थे, लेकिन उन्हें सामान नहीं मिला. वहीं, जांच में करीब 13 लाख रुपये का सामान डिलीवरी होने की सूचना है.

दुकान में करीब साढ़े चार लाख रुपये के सामान उपलब्ध

घटना के बाद एसडीओ सुनील चंद्र के निर्देश पर कार्यपालक दंडाधिकारी अमन कुमार और घाटशिला सीओ निशांत अंबर ने दुकान को सील कर दिया है. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दुकान में लगभग चार से साढ़े चार लाख रुपये मूल्य की सामग्री मौजूद हैं. दोनों अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट थाना और अनुमंडल पदाधिकारी को सौंप दी गयी है. एसडीओ सुनील चंद्र ने कहा कि पुलिस और प्रशासन की संयुक्त जांच जारी है.

बैंकों में जमा हैं कंपनी के 27 लाख रुपये, दूसरे राज्य में भी केस दर्ज

पुलिस जांच में सामने आया है कि वेट्री ट्रेडर्स के खातों में बैंक ऑफ इंडिया और केनरा बैंक में लगभग 27 लाख रुपये जमा हैं. इसके अलावा चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ थाना में भी इसी कंपनी के खिलाफ वर्ष 2020 में एक ठगी का मामला (कांड संख्या 3/2020) दर्ज किया गया था. थाना प्रभारी ऋषभ त्रिवेदी ने बताया कि फिलहाल हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं. खातों की जानकारी, लेनदेन और दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है. पीड़ितों से अपील है कि वे अपनी शिकायतें लिखित रूप में थाना में दर्ज करायें.

ठगी के शिकार लोगों में आक्रोश

इधर, ठगी के शिकार लोगों में आक्रोश है. गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों इसमें ज्यादा शामिल हैं. जिन्होंने शादी, गृहस्थी और दुकानों के लिए जरूरी सामान की बुकिंग की थी. अब वे ठगे जाने का एहसास लेकर प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं. कई लोगों ने पहले ही भुगतान कर दिया था और अब दुकान पर ताला लटकता देख उनकी उम्मीदें टूट चुकी हैं.

घाटशिला में पहले भी हो चुकी है ठगी की घटना

मालूम हो कि पिछले दो दशक में घाटशिला और इसके आस पास के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में कई निजी कंपनियों द्वारा सस्ते सामान और अधिक ब्याज देने के नाम पर लोगों को ठगा गया है. जिनमें रोज वैली, माइक्रो फाइनेंस, महावीर फर्नीचर लिमिटेड, लॉरेंस फाइनेंस, ट्रिपल ए, हलिएस ग्रुप समेत दर्जनों कंपनियों ने पहले भी क्षेत्र में अपने कार्यालय खोलकर एजेंटों के माध्यम से लोगों से पैसे जमा कराये या सस्ते दाम पर सामग्री बेचने का झांसा दिया ठगी कर फराह हो गये. इनमें से कई कंपनियों ने कुछ समय तक गतिविधियां चलायीं और फिर रातों-रात ताला लगाकर फरार हो गयीं. पुलिस में प्राथमिकी दर्ज हुई, जांच भी हुई, लेकिन पैसे आज तक नहीं मिले. एजेंट भी असहाय हैं क्योंकि असली प्रबंधक फरार हो चुका है.

———————————जांच में जुटा प्रशासन, जल्द होगी खुलासामेसर्स वेट्री ट्रेडर्स के सस्ते दामों में समान देने का झांसा देकर ठगी मामले में पुलिस जांच में जुटी है. जल्द ही इस मामले का उद्भेदन होगा.

-अजीत कुजूर, एसडीपीओ, घाटशिला

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ANUJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >