East Singhbhum News : 13 साल से छोटे चार अनाथ भाई-बहनों ने किया पिता का श्राद्धकर्म

चाकुलिया नगर पंचायत स्थित टीचर्स कॉलोनी में शुक्रवार को चार अनाथ बच्चों ने स्थानीय लोगों की मदद से अपने पिता का श्राद्धकर्म किया.

चाकुलिया.

चाकुलिया नगर पंचायत स्थित टीचर्स कॉलोनी में शुक्रवार को चार अनाथ बच्चों ने स्थानीय लोगों की मदद से अपने पिता का श्राद्धकर्म किया. ज्ञात हो कि कुछ दिन पहले ट्रेन से कटकर राजू सेन (50) मौत हो गयी थी. उसकी पत्नी सुमन सेन का निधन कोरोना काल में हो गया था. पति-पत्नी के देहांत के बाद चार बच्चे अनाथ हो गये. बच्चों में वैशाली सेन (13) सातवीं कक्षा, सुष्मिता सेन (11) चौथी कक्षा, सूरज सेन (8) पहली कक्षा और रजनी सेन (4) शामिल हैं. वैशाली, सुष्मिता और सूरज अभ्यास मध्य विद्यालय में पढ़ते हैं. रजनी अभी स्कूल नहीं जाती है.

कस्तूरबा में पढ़ना चाहती है वैशाली व सुष्मिता

स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्चों के पालन-पोषण और शिक्षा को लेकर कॉलोनी चिंतित है. बच्चे पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं. उनके पिता के नाम लाल राशन कार्ड था. अब राशन उठाव की समस्या है. वैशाली और सुष्मिता ने इच्छा जतायी है कि उनका नामांकन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में करवाया जाये, ताकि पढ़ाई के साथ रहने और भोजन की सुविधा मिल सके. वहीं सूरज और रजनी की देखभाल का जिम्मा उठाने को कॉलोनी के लोग तैयार हैं.

वात्सल्य योजना से अनाथ बच्चों को हर माह चार हजार मिलेंगे

चाकुलिया की बीडीओ आरती मुंडा ने घटना पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि मिशन वात्सल्य योजना से अनाथ बच्चों को प्रतिमाह 4000 रुपये मिलेंगे. एक परिवार में अधिकतम तीन अनाथ बच्चों को योजना का लाभ मिलेगा. राष्ट्रीय परिवार हित लाभ योजना से एकमुश्त 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKASH

AKASH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >