फूलपाल में अल्पसंख्यकों ने की बैठक, कहा
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड के उत्तरी मऊभंडार स्थित फूलपाल गांव में रविवार को अल्पसंख्यकों ने बैठक की. इसकी अध्यक्षता शेख अखीरूद्दीन ने की. बैठक में अखीरूद्दीन ने कहा कि बच्चा चोरी की अफवाह में गांव के शेख नइम समेत पूर्वी सिंहभूम के छह लोगों की हत्या कर दी गयी. इस मामले की जांच पुलिस गंभीरता से करे. दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करे. इस दुखद घटना की हिंदू, मुसलिम, सिख और इसाई समेत हर समुदाय के लोगों ने निंदा की है.
इस दुख की घड़ी में हर समुदाय के लोगों का सहयोग मिला. हर समुदाय के लोगों ने शांति पूर्ण माहौल बनाये रखने में मदद की. उन्होंने कहा कि शेख नईम के मामले में वीडियो रिकॉर्डिंग की गयी है. इस वीडियो रिकॉर्डिंग को जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक लक्ष्मण टुडू के समक्ष प्रस्तुत करेंगे, ताकि इसे पुलिस के वरीय पदाधिकारी के समक्ष रखा जाय और दोषी को गिरफ्तार किया जाय. बैठक में शेख जाकिर, शेख अनवर अली, शेख शाहरूक, शेख सरफराज समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
