सभी थानों व पिकेटों को किया गया अलर्ट, सीमा पर नजर
गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर-तेतुलडांगा के पास से मंगलवार शाम को पुलिस ने बंगाल के दो युवकों को शक के आधार पर हिरासत में ले लिया. गुप्त स्थान पर रख कर दोनों युवकों से पुलिस पूछताछ कर रही है. दोनों युवक बंगाल के पुरुलिया जिला के बोराहबाजार थाना क्षेत्र के हेरबोना गांव निवासी जागरण सिंह और गोपाल सिंह हैं. दोनों युवकों के परिजन आज ढूंढ़ते हुए झारखंड पहुंचे थे.
परिजनों ने बताया कि युवकों का मामा घर गालूडीह थाना क्षेत्र के बागालगोड़ा है. यहां उनके मामा किशन सिंह और बुद्धेश्वर सिंह रहते हैं. दोनों युवक अपने मामा घर आ रहे थे कि रास्ते में छापामारी कर रही पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया. जानकारी हो कि घाटशिला कोर्ट से हार्ड कोर नक्सली फोगड़ा मुंडा के फरार होने के बाद से झारखंड-बंगाल सीमावर्ती इलाको में पुलिस छापामारी अभियान चला रही है. सभी थाना और पिकेटों को अलर्ट कर दिया गया.
इस अभियान के दौरान ही मंगलवार की शाम में बंगाल के दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. दोनों से पूछताछ जारी है. इस संबंध में जब ग्रामीण एसपी शैलेंद्र कुमार सिन्हा से पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि बंगाल के युवक झारखंड में कहां आये थे. क्या करने आये थे, इसकी पुष्टि पुलिस कर रही है. शक के आधार पर हिरासत में लिया गया है. पुष्टि हो जाने के बाद दोनों को छोड़ दिया जायेगा.
