घाटशिला : घाटशिला अनुमंडल की सात प्रखंडों में सात करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास शनिवार को पावड़ा स्थित माझी परगना महाल भवन के पास बतौर मुख्य अतिथि राज्य के कल्याण मंत्री सह पथ परिवहन मंत्री चंपई सोरेन ने नारियल फोड़ कर किया.
समारोह में श्री सोरेन ने कहा कि झारखंड के लोकप्रिय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 90 प्रतिशत आदिवासी बहुल प्रखंडों में 10-10 लाख की योजनाओं की स्वीकृति प्रदान कर दी है. इन योजनाओं से गरीब जनता को लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि पिछड़े प्रखंड डुमरिया में तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र खोलने की योजना है, ताकि वहां के पढ़े- लिखे युवक तकनीकी शिक्षा ग्रहण कर आत्म निर्भर बन सकें.
तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र में महिलाओं के लिए सूत कटाई का केंद्र बनेगा, ताकि गरीब महिलाएं सूत कटाई का प्रशिक्षण लेकर आत्म निर्भर बन सकें. उन्होंने कहा कि अनुमंडल के घाटशिला, चाकुलिया, धालभूमगढ़ प्रखंड में भी महिला तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र खोलने की योजना है. इन योजनाओं को पूरा होने पर महिलाओं को लाभ होगा.
उन्होंने कहा कि गांव और पंचायत विकसित होंगे, तो प्रखंड विकसित होगा. प्रखंड के विकास से ही प्रदेश का विकास होगा. उन्होंने कहा कि किसानों के खेत तक पानी पहुंचे. ऐसी योजनाएं लागू करने के प्रयास में सरकार जुटी है. संचालन जगदीश भकत ने किया. धन्यवाद ज्ञापन लालटू महतो ने किया. इस मौके पर युवतियों ने मंत्री का स्वागत स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर किया. समारोह में बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं उपस्थित थे.
