हजारों ने स्वर्णरेखा में लगायी पवित्र डुबकी
गालूडीह : मकर संक्रांति के अवसर पर मंगलवार को सुवर्णरेखा नदी के दिगड़ी घाट में अनेक श्रद्धालुओं ने डुबकी लगायी. साथ ही भैरव थान में पूजा-अर्चना कर विनय दास बाबाजी से आर्शीवाद लिया. इस घाट में भक्तों ने पूजा के बाद गरीबों के बीच चावल, गुड़, चूड़ा, तिलकूट, वस्त्र आदि के दान भी किये.
कालीमाटी निवासी मोटू फूलवाला ने 101 गरीबों के बीच कंबल बांटे और सभी को पुरी-सब्जी भर पेट खिलाया. मुख्य पुजारी विनय दास बाबा जी और सह पुजारी ब्रजेंद्र घोषाल ने यहां पूजा-अर्चना की. इस मौके पर मंदिर परिसर में सुबह छह से शाम पांच बजे तक भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया.
शाम में भैरव थान दिगड़ी घाट में टुसू मेला आयोजित किया गया. जहां लोगों की भीड़ उमड़ी. भक्तों के बीच खिचड़ी भोग का भी वितरण किया गया. बाबा जी ने बताया कि दिगड़ी घाट स्थित भैरव मंदिर ऐतिहासिक है. बंगाल के जयदेव मेला से भी दिगड़ी घाट का टुसू मेला पुराना है. भक्तों ने मंदिर में दान भी दिया.
