शिक्षक उत्पल शीट के खिलाफ अभिभावकों का फूटा आक्रोश
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के माटिहाना मध्य विद्यालय की कक्षा चार और पांच के छात्र-छात्राओं से 17 दिसंबर को विद्यालय के शिक्षक उत्पल सीट ने शौचालय की सफाई करायी. इसके विरोध में गुरुवार को छात्र-छात्राओं के अभिभावक और ग्रामीणों ने विद्यालय में हंगामा मचाया.
पुलिस द्वारा समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए. ग्रामीणों ने कहा कि शिक्षक द्वारा छात्र-छात्राओं से शौचालय साफ करवाने का काम अमानवीय है. ग्रामीणों ने शिक्षक उत्पल सीट को हटाने और विद्यालय प्रबंधन कमेटी को भंग करने की मांग की. माटिहाना के ग्राम प्रधान पतित पावन सीट ने बीइइओ एस एम त्रिपाठी को दूरभाष पर घटना की जानकारी दी.
बीइइओ ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है. ग्रामीण उन्हें आवेदन देकर शिकायत करें. जांच कर उचित कार्रवाई की जायेगी. सूचना पाकर बहरागोड़ा पुलिस भी पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया.
इनसे सफाई करायी गयी
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय के राणु दास, दुबेंदु मुंडा, गणोश पायेड़ा, सम्राट बेरा, राजेश जेना, सुभोजीत बेरा, इंद्रजीत पातर, कल्याण बेरा, मशांक हांसदा, श्याम बेरा, अंजना बेरा, रूपाली बेरा, सीमा बेरा आदि छात्र-छात्राओं से शिक्षक ने शौचालय साफ करवाया.
