नॉमिनियों की बहाली नहीं होने पर उग्र रुख अपनायेगा झामुमो
घाटशिला : घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन ने गुरुवार को फुलडुंगरी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बुधवार को अनुमंडल कार्यालय में आइसीसी प्रबंधन और एसडीओ के साथ मैराथन बैठक हुई थी.
बैठक में प्रबंधन ने बहाली के लिए एक माह का समय दिया है. प्रबंधन ने बैठक में कहा है कि एक माह में बोर्ड गठित कर मजदूरों तथा नॉमिनियों की बहाली की प्रक्रिया शुरू होगी. विधायक ने कहा कि अगर एक माह में बहाली की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो मऊभंडार आइसीसी कारखाना के मुख्य द्वार पर पारंपरिक हथियार के साथ डेरा डालो, घेरा डालो कार्यक्रम आयोजित होगा और इसके तहत कंपनी की चिमनी का धुआं बंद कराया जायेगा.
उन्होंने कहा कि आइसीसी कंपनी में सेवानिवृत्त कर्मचारी स्थायी तौर पर काम कर रहे हैं. उन्हें भी कंपनी में काम करने नहीं दिया जायेगा. नॉमिनियों की स्थायी बहाली की जाये, नहीं तो यहां के स्थानीय आदिवासी और मूलवासी की अस्थायी बहाली की जाये.
उन्होंने कहा कि जब आइसीसी प्रबंधन यहां के स्थानीय सांसद और विधायक की बातों को नहीं सुनता है और बहाली की प्रक्रिया शुरू नहीं करता है, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
