घाटशिला : घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन ने बुधवार को अनुमंडल कार्यालय में आइसीसी के महाप्रबंधक नंदिश एचएन, एजीएम (एचआर) कमलेश सोनी और एसडीओ अमित कुमार के साथ अपनी चार सूत्री मांगों के समर्थन में पांच घंटे तक मैराथन बैठक की.
बैठक में चार प्रस्ताव पारित हुए और इन प्रस्तावों पर बोर्ड ऑफ बोर्ड डायरेक्टर और स्थानीय प्रबंधन एक माह में एसडीओ को प्रगति रिपोर्ट समर्पित करने को कहा गया, ताकि इन प्रस्तावों पर अग्रतर कार्रवाई की जा सके.
प्रबंधन से नोकझोंक
बैठक में स्थानीय कंपनी प्रबंधन से विधायक रामदास सोरेन की नोंक झोंक भी हुई, परंतु एसडीओ ने विधायक की चार सूत्री मांगों का समर्थन किया और प्रस्ताव पारित कराया कि बैठक में बहाली के मुद्दे पर स्थानीय प्रबंधन बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के समक्ष कौन सा प्रस्ताव भेजा है. नयी बहाली की प्रक्रिया में लगने वाले समय का उल्लेख करें.
सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जगह स्थानीय युवाओं को नौकरी में प्राथमिकता दी जाये और नये युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और बहाली की प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाये और इसे सम्मान जनक बनाया जाये. बैठक में आइसीसी वर्कर्स यूनियन की ओर से सुनील दास और प्रकाश सरकार, विधायक प्रतिनिधि जगदीश भकत उपस्थित थे.
