गालूडीह : पांच वर्षीय मासूम छात्र अभजीत महतो हत्याकांड की जांच करने, परिजनों को उचित मुआवजा देने, दोषियों पर हत्या का मामला दर्ज कर सभी को गिरफ्तार करने, वीणा पानी स्कूल और छात्रावास को तत्काल सील कर देने और चिकित्सकों बोर्ड कमेटी बना कर शव की पोस्टमार्टम करने की मांग को लेकर मृतक छात्र के परिजन और अनेक ग्रामीण गालूडीह बस स्टैंड के पास एनएच 33 पर शव के साथ बैठ गये और जाम कर दिया.
दोपहर दो बजे एनएच जाम किया गया. देर शाम तक जाम ही था. जाम स्थल पर अनेक ग्रामीण डटे थे. मृतक छात्र के पिता और मां समेत कई परिजन भी शव लेकर इंसाफ की गुहार लगा रहे थे. जाम स्थल पर इंस्पेक्टर अशोक गिरी, थाना प्रभारी योगेंद्र पासवान, घाटशिला के बीडीओ संदीप अनुरोग टोप्पो भी पहुंचे थे.
ग्रामीणों को समझा कर जाम हटाने का प्रयास किया गया, परंतु ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े थे. जाम के कारण एनएच के दोनों छोर में वाहनों की लंबी कतार लग गयी. इसमें कई यात्री बस भी फंसे थे. शाम साढ़े छह बजे स्कूल प्रबंधक द्वारा दो लाख मुआवजा और हॉस्टल की जमीन मृतक के परिजनों के नाम लिख देने के आश्वासन पर हटा जाम. घटना की सूचना के बाद दोपहर में घाटशिला रामदास सोरेन भी गालूडीह पहुंचे और पुलिस एवं प्रशासन के साथ वार्ता की. आजसू के विस प्रभारी कान्हू सामंत सुबह से यहां डटे थे.
झामुमो नेता महावीर मुमरू, लालटू महतो भी यहां पहुंचे थे. इसके अलावा प्रमुख श्रृति देवगम, मुखिया वकील हेंब्रम, उप मुखिया सुभाष अग्रवाल, पंसस वंदना सिंह समेत कई पंचायत प्रतिनिधि और कांग्रेस, झामुमो और भाजपा के नेता भी पहुंचे थे. सभी ने घटना की निंदा की.
