धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ प्रखंड की चुकरीपाड़ा पंचायत के हल्दाजुड़ी गांव के डुबकाडीह में मंगलवार को ग्राम सभा ग्राम प्रधान दुर्गा चरण मुमरू की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में प्रखंड प्रमुख लीला सिंह उपस्थित थीं. बैठक में ग्रामीणों ने लिखित आरोप पत्र प्रमुख को सौंपा.
आरोप पत्र में बताया गया है कि आधार कार्ड फार्म के लिए मुखिया रांवदे मुमरू प्रति फार्म पांच रुपये वसूल रही हैं. वार्ड सदस्य 18 साल से कम आयु के किशोर-किशोरियों और बच्चों का आवेदन अभि प्रमाणित करने के लिए 50 रुपये वसूली कर रही हैं.
सभा में यह बात सामने आयी कि वार्ड सदस्य प्रमीला सबर, सुमित्र सबर, चुनू सबर, हाड़ीराम सबर, सुपाई हेंब्रम से प्रति व्यक्ति 50 रुपये वसूली कर रहे हैं. जो लोग रुपये का भुगतान नहीं कर रहे हैं, उनका फार्म निर्गत नहीं हो रहा है.
वार्ड सदस्य और मुखिया द्वारा अभि प्रमाणित नहीं किये जाने से आधार कार्ड बनाने के अवसर से वंचित हो रहे हैं. ग्राम सभा में यह बात सामने आयी कि इंदिरा आवास के लिए दो किस्तों में आठ हजार रुपये की मांग की जा रही है. जो लाभुक रुपये नहीं दे रहे हैं. वे सभी अहताएं पूरा करने के बाद भी आवास सुविधा नहीं दी जा रही है.
