घाटशिला : घाटशिला के बलदेवदास संतलाल इंटर महिला महाविद्यालय में मंगलवार को प्रबंध समिति की बैठक विधायक रामदास सोरेन की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में कई मसलों पर चर्चा हुई. बैठक के बाद विधायक ने बताया कि इंटर महिला कॉलेज में शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों की बहाली होगी.
इसके लिए विज्ञापन निकाला जायेगा. इच्छुक अभ्यर्थी शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी के लिए आवेदन दे सकें.विधायक ने कहा कि इंटर की राशि डिग्री में समायोजित नहीं होगी. इंटर के लिए मिली राशि इंटर कॉलेज के विकास के लिए खर्च की जायेगी.
बैठक में इंटर कॉलेज के लिए मिली राशि का कॉलेज के विकास में खर्च करने पर बल दिया गया. इंटर के लिए मिली राशि से बैंच और डेस्क खरीदे जायेंगे, ताकि छात्राओं को पढ़ाई करने में परेशानी नहीं हो.
विधायक ने बताया कि इंटर महिला कॉलेज में संताली, मानव विज्ञान और मनोविज्ञान के शिक्षकों की नियुक्ति होगी. वहीं लाइब्रेरियन और क्लर्क की भी नियुक्ति के लिए बैठक में प्रस्ताव पारित हुआ है. बैठक में शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि के रूप में जिला शिक्षा पदाधिकारी अशोक शर्मा, इंटर कॉलेज की प्राचार्या पद्मावती पांडेय, इंटर कॉलेज के सचिव आनंद अग्रवाल, अरुण कुमार झा, आरपी सिंह, जीके बारला, शिक्षक प्रतिनिधि नियति दे, सुधा मंडल उपस्थित थे.
