East Singhbhum News : पोटका में आंधी-पानी ने मचायी तबाही, कई घरों के उड़ी छत

पीड़ित परिवारों ने खुले आसमान के नीचे गुजारी रात

पोटका/जादूगोड़ा. प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार शाम में आये आंधी-पानी ने जमकर तबाही मचायी. आंधी-पानी ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. शाम करीब सात बजे अचानक आए इस तूफान ने लगभग एक घंटे तक रौद्र रूप दिखाया, जिससे करोड़ों की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है.

24 घंटे ठप रही बिजली

तेज रफ्तार हवा के कारण हल्दीपोखर-कोवाली मुख्य सड़क पर कई विशाल पेड़ और बिजली के खंभे जड़ से उखड़कर गिर गये. इस कारण आवागमन घंटों बाधित रहा. कई स्थानों पर बिजली के तार गिर गये. इससे क्षेत्र में लगभग 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे ग्रामीणों को भीषण अंधेरे और पानी की समस्या का सामना करना पड़ा.

रुगड़ीसाई गांव में सबसे ज्यादा नुकसान

आंधी का सबसे भयावह मंजर जामदा पंचायत के रुगड़ीसाई गांव में देखने को मिला. यहां मुंशी सरदार और सुपेन सरदार के घरों के एस्बेस्टस ताश के पत्तों की तरह उड़ गये. कई अन्य ग्रामीणों के खपड़ैल मकान भी ढह गये. छत उड़ जाने के कारण इन परिवारों को पूरी रात बारिश के बीच खुले आसमान के नीचे बितानी पड़ी.

अनाज हुआ बर्बाद, मुआवजे की मांग

घरों में पानी घुसने से ग्रामीणों का सालभर का राशन, धान और चावल पूरी तरह भीगकर खराब हो गया है. क्षेत्र में शनिवार को भी रुक-रुक कर बारिश जारी रही, जिससे बचाव कार्य में बाधा आ रही है. प्रभावित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब सर्वेक्षण कराकर उचित राहत एवं मुआवजा देने की गुहार लगाई है, ताकि वे अपने आशियाने को फिर से खड़ा कर सकें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >